Site icon AB News.Press

UJAR 100 : “उजर 100” योजना से संवरेगा मेधावी विद्यार्थियों का भविष्य

UJAR 100: The “UJAR 100” Scheme Will Shape the Future of Meritorious Students

UJAR 100

रायपुर, 20 मई। UJAR 100 : दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर देने के लिए “उजर 100” योजना शुरू की है। इस योजना के तहत जिले के मेधावी छात्रों को देश-प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई के लिए पूरी आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

100 सीटों का वर्गवार निर्धारण

योजना के तहत कुल 100 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 76, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 6, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 14 और सामान्य वर्ग के लिए 4 सीटें तय की गई हैं। साथ ही 6 प्रतिशत आरक्षण दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित रहेगा।

मेधावी छात्रों को आय सीमा से छूट

योजना का लाभ सामान्यतः 5 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को मिलेगा। हालांकि छत्तीसगढ़ बोर्ड की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले और IIT, NIT, NEET, JEE, NDA व AIIMS जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में चयनित विद्यार्थियों पर आय सीमा लागू नहीं होगी।

पढ़ाई से लेकर हॉस्टल तक का पूरा खर्च

“उजर 100” योजना के तहत कॉलेज फीस, हॉस्टल, भोजन और अध्ययन सामग्री का पूरा खर्च प्रशासन द्वारा वहन किया जाएगा। प्रोफेशनल कोर्स की फीस सीधे संस्थान को भेजी जाएगी, जबकि अन्य खर्च डीबीटी के माध्यम से छात्रों के खाते में जमा होंगे।

काउंसिलिंग के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा

IIT, NIT, AIIMS, NEET और NDA जैसी परीक्षाओं में चयनित छात्रों को काउंसिलिंग और रिपोर्टिंग के लिए बस, रेल या हवाई यात्रा की मुफ्त सुविधा दी जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे।

ऑफलाइन आवेदन और पारदर्शी चयन प्रक्रिया

आवेदन जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा में ऑफलाइन जमा किए जाएंगे। मेरिट लिस्ट, स्क्रूटनी और फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद जिला स्तरीय समिति अंतिम चयन करेगी। मुख्य सूची के साथ 50 विद्यार्थियों की वेटिंग लिस्ट भी तैयार की जाएगी।

Exit mobile version