रायपुर, 20 मई। Mining Department : कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देशानुसार तथा उप-संचालक (खनिज प्रशासन) राजेश मालवे के नेतृत्व में खनिज विभाग ने गोबरानवापारा क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
मंजूरी क्षेत्र के बाहर हो रहा था उत्खनन
18 और 19 मई को चलाए गए बढ़े जांच अभियान के दौरान ग्राम लखना रेत खदान में मंजूर क्षेत्र के बाहर और पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन कर दो चेन माउंटेड पोकलेन मशीनों से अवैध उत्खनन किया जाना पाया गया। विभाग ने मौके पर ही दोनों मशीनों को जब्त कर सीलबंद कर दिया और उत्खनन कार्य बंद करा दिया।
अवैध रेत भंडारण भी पकड़ा गया
तहसील गोबरानवापारा के ग्राम नवागांव, जौंडा, जौंडी और डगनिया में महानदी से लाई गई रेत का बिना वैध अनुमति भंडारण पाए जाने पर कार्रवाई की गई। मामले में अनिल कुमार साहू, गोविंद साहू, ईश्वर पटेल, प्रताप सेन, त्रिलोकी साहू, अजय साहू और मनीष ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध रेत जब्त कर नोटिस जारी किए गए हैं।
लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
उप-संचालक खनिज राजेश मालवे ने कहा कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

