दिल्ली, 20मई| उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई घटना केशव चौक के पास की बताई जा रही है जहां स्कूटी सवार युवक को बदमाशों ने निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं मृतक की पहचान मौजपुर निवासी अमानुल्लाह कुरैशी के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात अमानुल्लाह स्कूटी से शाहदरा की ओर जा रहा था इसी दौरान केशव चौक के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे रोक लिया और बेहद करीब से कई राउंड फायरिंग कर दी गोलियां लगते ही अमानुल्लाह सड़क पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वेलकम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। मौके से कई खोखे भी बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक टीम के पास भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक अमानुल्लाह मौजपुर के गुरुद्वारा मोहल्ला का रहने वाला था मामले में वेलकम थाने में बीएनएस की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत एफआईआर नंबर 233/26 दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है।

