रायपुर, 19मई। रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत समाधान शिविर में उस समय बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला जब राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंच से ही एक पटवारी को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दे दिए।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि एक छोटे किसान को अपनी जमीन संबंधी काम के लिए लंबे समय तक दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़े। आरोप था कि रिकॉर्ड में उसकी जमीन को गलत तरीके से ‘निरंक’ दर्ज कर दिया गया, जिससे उसे भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायत सामने आते ही मंत्री ने नाराजगी जताते हुए मौके पर ही कड़ी कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए।
कार्यक्रम में मौजूद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस समाधान शिविर में कुल 405 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सड़क, बिजली, सफाई, अतिक्रमण और राजस्व से जुड़ी कई शिकायतें शामिल थीं। मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि तय समयसीमा के भीतर सभी मामलों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।
इसके साथ ही अतिक्रमण और बढ़ते अपराधों को लेकर भी मंत्री ने सख्त रुख अपनाया और चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।