रायपुर, 19 मई। Jashpur जिले की नाशपाती अब किसानों की आर्थिक मजबूती का बड़ा जरिया बन गई है। जिले में लगभग 3,500 किसान 3,500 एकड़ क्षेत्र में नाशपाती की खेती कर रहे हैं, जहां हर साल करीब 1 लाख 75 हजार क्विंटल उत्पादन हो रहा है। जशपुर की नाशपाती अब दिल्ली, उत्तरप्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों के बाजारों तक पहुंच रही है।
जशपुर की नाशपाती स्वाद और गुणवत्ता के कारण व्यापारियों की पहली पसंद बनती जा रही है। तैयार फलों को कैरेट में पैक कर बाहरी बाजारों में भेजा जा रहा है।
किसानों की बढ़ी आमदनी
नाशपाती की खेती से किसानों को प्रति एकड़ सालाना 1 लाख से 1.5 लाख रुपए तक की आमदनी हो रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और किसान पारंपरिक खेती छोड़ फलोत्पादन की ओर बढ़ रहे हैं।
सरकार और संस्थाओं का सहयोग
मुख्यमंत्री विष्णु देव साईं के नेतृत्व में उद्यान विभाग, READS NGO और नाबार्ड द्वारा किसानों को फलोत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय उद्यान मिशन योजना के तहत किसानों को पौधरोपण, प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

