लखनऊ,19मई। राजधानी के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के एक कोच से महिला का शव बरामद हुआ। हत्यारों ने महिला की हत्या करने के बाद शव को टीन के बक्से में ठूंसकर ट्रेन में छोड़ दिया था घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15114 छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस रविवार को गोमतीनगर स्टेशन पहुंची। सभी यात्रियों के उतरने के करीब 15 मिनट बाद सफाई कर्मचारी ट्रेन की सफाई के लिए स्लीपर कोच एस-1 में पहुंचे। वहां सीट के नीचे एक टीन का बक्सा और बैग लावारिस हालत में रखा मिला। बक्सा जबरन सीट के नीचे ठूंसा हुआ प्रतीत हो रहा था।
सफाई कर्मचारियों की नजर बक्से पर पड़े खून के धब्बों पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने स्टेशन प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्टेशन प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जब बक्सा खोला गया तो उसमें एक महिला का शव मिला।
जांच में सामने आया कि महिला के गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। पुलिस को आशंका है कि महिला की गला रेतकर हत्या की गई है। महिला के कंधे और हाथों पर भी चोट के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसने हमलावर से संघर्ष किया होगा।
महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है उसने सलवार-सूट पहन रखा था। बक्से के साथ मिले बैग में कपड़े और अन्य सामान मिले लेकिन पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला।
जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रेन के यात्रियों और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि महिला की पहचान और हत्यारों तक पहुंचा जा सके।

