इंदौर, 19मई| राजा रघुवंशी हत्याकांड में कानूनी कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत को रद्द कराने के लिए मेघालय पुलिस ने मेघालय हाई र्काट का रुख किया है मामले पर सोमवार को हुई सुनवाई में राज्य सरकार ने अतिरिक्त समय की मांग की जिसके बाद अदालत ने अगली सुनवाई बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी।
निचली अदालत के फैसले पर सवाल
पिछले महीने शिलांग की निचली अदालत ने सोनम रघुवंशी को जमानत दी थी अदालत ने अपने आदेश में गिरफ्तारी प्रक्रिया और जांच के दौरान कुछ प्रक्रियात्मक खामियों का उल्लेख किया था। इसी आधार पर आरोपी को राहत मिली थी।
हालांकि, पुलिस इस फैसले से सहमत नहीं है उनका कहना है कि हत्या जैसे गंभीर मामले में जमानत मिलने से जांच प्रभावित हो सकती है, इसलिए उन्होंने हाईकोर्ट में जमानत रद्द करने की याचिका दाखिल की है।
हाईकोर्ट में क्या हुआ
सोमवार की सुनवाई में बचाव पक्ष ने दलील दी कि वे जमानत आदेश को सही ठहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वहीं राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि मामला गंभीर आपराधिक प्रकृति का है, इसलिए विस्तृत तैयारी के लिए समय चाहिए।
इसके बाद अदालत ने राज्य सरकार की मांग स्वीकार करते हुए अगली सुनवाई बुधवार को तय कर दी।
जांच में क्या सामने आया
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच में रिश्तों, आर्थिक पहलुओं और हनीमून यात्रा के दौरान हुई घटनाओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अब तक विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
इस मामले ने शुरुआत से ही देशभर में ध्यान खींचा है, क्योंकि हनीमून ट्रिप के दौरान कारोबारी राजा रघुवंशी की संदिग्ध मौत ने इसे हत्या के एंगल तक पहुंचा दिया था।
अब सबकी नजर बुधवार की सुनवाई पर
अब सभी की नजर बुधवार को होने वाली अगली सुनवाई पर है, जहां राज्य सरकार अपना पक्ष मजबूती से रखेगी और बचाव पक्ष जमानत को बरकरार रखने की कोशिश करेगा। अदालत के फैसले से तय होगा कि सोनम रघुवंशी की जमानत बनी रहती है या उसे कानूनी झटका लगता है।

