रायपुर, 18 मई। PM Surya Ghar Yojana : नारायणपुर जिले में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक पहल सामने आई है। जागरूक विद्युत उपभोक्ता राजमन नाग ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर ‘पीएम सूर्य घर योजना’ का लाभ लिया है।
इस पहल से उनका बिजली बिल बेहद कम हो जाएगा और साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक योगदान मिलेगा। राजमन नाग के घर पर सोलर सिस्टम की स्थापना अधिकृत वेंडर ‘अरु सोलर सोलुसशन’ द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि आवेदन से लेकर स्थापना तक पूरी प्रक्रिया में विद्युत विभाग और वेंडर टीम ने पूरा सहयोग किया। विद्युत विभाग नारायणपुर के सहायक अभियंता बिरेंद्र कोसले और टीम ने योजना और सब्सिडी की जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध कराई, जिससे प्रक्रिया आसान बनी रही।
बिजली बिल से राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता
राजमन नाग ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी है। इससे बिजली बिल का खर्च कम होता है और उपभोक्ता खुद बिजली उत्पादन कर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनते हैं।
‘हर घर सोलर’ अभियान को मिलेगा बढ़ावा
जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने राजमन नाग की पहल को रोल मॉडल बताते हुए प्रदेश के अन्य उपभोक्ताओं से भी योजना का लाभ लेने की अपील की है। विभाग का कहना है कि छतों पर सोलर सिस्टम लगाकर लोग आर्थिक बचत के साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा दे सकते हैं।

