रायपुर, 18मई| रायपुर रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट का शिकार हो गए सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, धरमलाल कौशिक सुबह पैदल टहलने निकले थे इसी दौरान बाइक पर पहुंचे दो झपटमारों ने उनके हाथ से मोबाइल छीना और तेज रफ्तार में मौके से भाग निकले। पूरी वारदात कुछ ही सेकेंड में हो गई, जिससे वे संभल भी नहीं सके। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है शहर में नाकेबंदी कर संदिग्धों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर, घटना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने रायपुर के कमिश्नरेट सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाई अलर्ट के बावजूद शहर में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध रोकने के बजाय केवल चालान काटने में व्यस्त है।

