लखनऊ, 18मई| लखनऊ में 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन एक बार फिर तेज हो गया है बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर एकत्र हुए और न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कई अभ्यर्थी सड़क पर रेंगते हुए विरोध जताते नजर आए जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से इस भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और देरी से प्रभावित हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की भी तैयारी में थे, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल उन्हें रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग 6 वर्षों से वे न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं उनका कहना है कि पिछड़े और दलित वर्ग के कई उम्मीदवार अभी तक नियुक्ति से वंचित हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द से जल्द समाधान और भर्ती मामले के निस्तारण की मांग की है।
इस मामले की सुनवाई 19 मई को अदालत में निर्धारित है जिसे लेकर अभ्यर्थी सरकार से सक्रिय हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

