बस्तर, 18मई| केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार गांव पहुंचे जहां उन्होंने सीआरपीएफ कैंप में बने वीर गुंडाधूर सेवा डेरा जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया। अब तक यह कैंप केवल सुरक्षा बलों के लिए उपयोग में था लेकिन नए जन सुविधा केंद्र के शुरू होने के बाद आसपास के ग्रामीणों को भी विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
इस जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को आंगनबाड़ी सेवाएं, प्राथमिक शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और ऑनलाइन सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी इसके अलावा जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सेवाएं भी अब गांव में ही आसानी से मिल सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने इमली प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की महिलाओं ने बताया कि इमली प्रसंस्करण से उनकी आय में बढ़ोतरी हुई है अमित शाह ने बस्तर की इमली का स्वाद भी लिया और उसकी मिठास की सराहना की।
इसके साथ ही उन्होंने ‘सेवा सेतु केंद्र’ का भी दौरा किया, जहां ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि पहले आधार कार्ड और ई-केवाईसी जैसी सुविधाओं के लिएउन्हें कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था लेकिन अब ये सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं।
गृह मंत्री ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया जहां महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि उनकी आजीविका को मजबूत किया जा सके।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
