Site icon AB News.Press

Theft at Rajiv Bhawan : कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में चोरी और तोड़फोड़…! 73 नल की टोटियां ले गए चोर

Theft at Rajiv Bhawan: Burglary and Vandalism at the Congress Office, Rajiv Bhawan...! Thieves Make Off with 73 Taps.

Theft at Rajiv Bhawan

अंबिकापुर, 16 मई। Theft at Rajiv Bhawan : शहर के घड़ी चौक स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय राजीव भवन में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात कार्यालय परिसर में घुसकर बाथरूम में लगी नल की टोटियां चोरी कर लीं और वाशरूम में जमकर तोड़फोड़ की। घटना में करीब एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

फर्श पर अंग्रेजी में लिखा I Love Ambikapur

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात चोरों ने राजीव भवन के अलग-अलग वाशरूम को निशाना बनाया। आरोपियों ने करीब 73 नल की टोटियां निकाल लीं। इसके अलावा वॉश बेसिन, फ्लश सिस्टम और पाइप लाइन को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के दौरान परिसर में अव्यवस्था फैलाने के साथ ही आरोपियों ने कार्यालय के फर्श पर अंग्रेजी में I Love Ambikapur भी लिख दिया।

शनिवार सुबह जब कार्यालय कर्मचारी पहुंचे तो वाशरूम की हालत देखकर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

कांग्रेस नेताओं ने घटना को गंभीर बताते हुए जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। जिलाध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक ने कहा कि पिछले दो वर्षों में यह तीसरी बार है जब राजीव भवन को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्र में स्थित कार्यालय में लगातार चोरी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने बताया कि राजीव भवन के आसपास यातायात पुलिस चौकी, कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थान मौजूद हैं, इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में राजीव भवन में सेवादल का प्रशिक्षण शिविर आयोजित होना था, लेकिन इस घटना से संगठन को आर्थिक और व्यवस्थागत नुकसान पहुंचा है। पार्टी ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Exit mobile version