जांजगीर-चांपा, 16 मई| जांजगीर-चांपा में NEET पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कचहरी चौक पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला के नेतृत्व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की। नेताओं का कहना था कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।
कचहरी चौक पर पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई। पुलिस द्वारा आग बुझाने के प्रयास में इस्तेमाल किए गए फायर ड्राई केमिकल पाउडर के कारण कुछ प्रदर्शनकारियों की आंखों में जलन हुई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामला शांत कराया।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि NEET पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

