रायपुर, 16 मई। Housing Project : छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा राज्य के प्रमुख शहरों में आधुनिक और सुव्यवस्थित आवासीय परिसरों के निर्माण के लिए पुनर्विकास (Re-development) योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत मंडल ने अब तक 5 महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रस्ताव राज्य शासन को अनुमोदन के लिए भेजे हैं।
शासन द्वारा प्रस्तावों के परीक्षण के दौरान विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR), निविदा दस्तावेज (RFP) और अन्य तकनीकी जानकारियां मांगी गई थीं। मंडल ने सभी आवश्यक दस्तावेज तय समय सीमा में शासन को उपलब्ध करा दिए हैं। वर्तमान में शासन के नवीन दिशा-निर्देशों के आधार पर प्रस्तावों का पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि योजनाओं को और अधिक आधुनिक, व्यवस्थित और जनोपयोगी बनाया जा सके।
नागरिकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
इन पुनर्विकास योजनाओं के पूरा होने पर नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय परिसर उपलब्ध होंगे। साथ ही बेहतर सड़कें, ड्रेनेज सिस्टम और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। परियोजनाओं का उद्देश्य शहरों में सुव्यवस्थित और नियोजित शहरी विकास को बढ़ावा देना है, जिससे नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।
पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष जोर
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने कहा है कि राज्य के नागरिकों को उच्च गुणवत्तापूर्ण आवास और बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सभी परियोजनाओं को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता और गति के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

