जांजगीर-चांपा, 16मई| मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम कोसला का अचानक दौरा कर प्रशासनिक अमले में हलचल मचा दी मुख्यमंत्री के अचानक गांव पहुंचने की खबर मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी मौके पर सक्रिय हो गए, वहीं ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने गांव के पीपल वृक्ष के नीचे पारंपरिक अंदाज में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया उन्होंने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने खुलकर अपनी मांगें और परेशानियां मुख्यमंत्री के सामने रखीं जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेज किया जाएगा। चौपाल में रोजगार, बुनियादी ढांचे और युवाओं के लिए सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई।
सुशासन तिहार अभियान के तहत सरकार और प्रशासन सीधे गांवों में पहुंचकर जमीनी स्तर की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्राम कोसला का यह औचक दौरा प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के बीच गांव पहुंचकर संवाद करने की पहल की सराहना की।
