मध्यप्रदेश, 16मई|मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में आगरा–मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक भीषण हादसा हो गया इंदौर से ग्वालियर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस बस में अचानक आग लग गई, जिसमें शिवपुरी निवासी 4 वर्षीय बच्चे अनय जैन की जलकर मौत हो गई।
होटल पर रुकी बस में अचानक लगी आग
जानकारी के अनुसार बस रात करीब 12 बजे हाईवे स्थित होटल जैन पथ पर चाय-नाश्ते के लिए रुकी थी इस दौरान अधिकतर यात्री बस से उतर गए थे, जबकि कुछ लोग अंदर ही मौजूद थे तभी बस के बोनट से धुआं निकलने लगा और कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
पहले से आ रही थी वायरिंग जलने की बदबू
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यात्रा के दौरान बस में लगातार जलती वायरिंग जैसी बदबू आ रही थी। यात्रियों ने इसकी शिकायत चालक से भी की थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया आरोप है कि समय रहते जांच होती तो बड़ा हादसा टल सकता था।
भगदड़ में फंसा मासूम
आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री जान बचाकर भागने लगे इसी दौरान 4 वर्षीय अनय जैन बस के अंदर ही फंस गया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसे बचाया नहीं जा सका। बाद में बस से बच्चे के अवशेष बरामद हुए।
परिजनों का दर्द
मृतक बच्चे के पिता अभिषेक जैन ने रोते हुए बताया कि वह परिवार के साथ इंदौर से शिवपुरी लौट रहे थे उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद चालक ने लापरवाही बरती और आग लगने के बाद चालक-कंडक्टर मौके से भाग गए। फायर ब्रिगेड भी देर से पहुंची और शुरुआती वाहन में पानी तक नहीं था।
उन्होंने कहा, मेरा बच्चा चला गया, मेरा भविष्य जल गया।
यह घटना पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का कारण बन गई है।

