नई दिल्ली,15 मई। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया है अब NEET-UG 2026 की परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था।
एनटीए ने केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें किसी भी जानकारी के लिए उम्मीदवार neet-ug@nta.ac.in ई-मेल आईडी या 011-40759000 और 011-69227700 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
इसी बीच गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई बैठक में परीक्षा दोबारा कराने की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई इसमें उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह, सीबीएसई अध्यक्ष तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
दूसरी ओर, पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) लगातार कर रही है सीबीआई की टीम गुरुवार को जयपुर के जमवारामगढ़ पहुंची, जहां उसने गिरफ्तार आरोपियों के घर जाकर परिजनों से पूछताछ की। टीम करीब तीन घंटे तक वहां मौजूद रही।
इस मामले में सीबीआई अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है इनमें जयपुर के मंगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल शामिल हैं वहीं हरियाणा के गुरुग्राम निवासी यश यादव और नासिक के शुभम खैरनार को भी गिरफ्तार किया गया है जांच एजेंसियां पेपर लीक नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि पेपर लीक के खुलासे के बाद 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा रद्द कर दी गई थी राजस्थान एसओजी ने भी इस मामले में 150 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें अभ्यर्थी और उनके परिजन शामिल हैं।

