Site icon AB News.Press

Bhupesh Baghel Attack : पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें…! आर्थिक संकट में है देश…Ex CM भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना

Bhupesh Baghel Attacks: Long queues at petrol pumps...! The country is in an economic crisis... Former CM Bhupesh Baghel targets the government.

Bhupesh Baghel Attack

भिलाई, 15 मई। Bhupesh Baghel Attack : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई पहुंचकर केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने महंगाई, विदेश नीति, किसानों की समस्याएं, नीट परीक्षा विवाद और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा।

पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर उठाए सवाल

भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी प्रधानमंत्री का विदेश दौरा करना सामान्य बात है, लेकिन देश की जनता को यह भी बताया जाना चाहिए कि उन यात्राओं से भारत को क्या लाभ मिला। उन्होंने हालिया इजरायल यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यात्रा के अगले ही दिन इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया। बघेल ने कहा कि भारत की विदेश नीति पहले संतुलित मानी जाती थी, लेकिन अब पुराने मित्र देशों से दूरी बनाई जा रही है। उन्होंने रूस के साथ संबंधों को लेकर भी चिंता जताई।

पेट्रोल पंपों में लगी लंबी कतारें

महंगाई और ईंधन संकट पर बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कई पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं और कई जगह ईंधन की कमी जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई और आर्थिक दबाव से परेशान है। बघेल ने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि खेती-किसानी का समय शुरू हो चुका है, लेकिन किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है।

डीएपी और यूरिया की बढ़ती कीमतों से किसान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार सुशासन तिहार मना रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि ट्रेनें रद्द की जा रही हैं और लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है, जबकि इसके लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तक उपलब्ध नहीं है।

राहुल गांधी को लेकर भी दिया बयान

राहुल गांधी को लेकर बघेल ने कहा कि उन्हें दुनिया के कई देशों में भाषण देने के लिए आमंत्रित किया जाता है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऐसे निमंत्रण नहीं मिलते। नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। बघेल ने कहा कि लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में चला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट घोटाले से जुड़े लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें पदोन्नति दी जा रही है।

छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था ध्वस्त

प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध शराब बिक्री, अफीम की खेती और धान घोटाले जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। बघेल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

Exit mobile version