कवर्धा,15मई| कवर्धा जिले के पोंडी क्षेत्र में शराब भट्ठी को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और स्कूली छात्रों ने रायपुर–जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया| प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से भट्ठी को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की जा रही थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय और गंभीर हो गए जब छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा का काफिला भी जाम में फंस गया और आगे नहीं बढ़ सका। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
चक्काजाम के चलते NH-30 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री बसों सहित कई वाहन घंटों तक फंसे रहे, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शराब भट्ठी के कारण क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और इसका नकारात्मक असर स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है प्रदर्शनकारियों ने मांग दोहराई कि भट्ठी को जल्द से जल्द किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए।

