रायपुर,14 मई|शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए IPL मुकाबले के दौरान बुधवार को मैच के साथ-साथ बाहर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर भारी अव्यवस्था देखने को मिली RCB और KKR के बीच हुए इस मुकाबले में RCB ने 6 विकेट से जीत दर्ज की, लेकिन मैच से ज्यादा चर्चा स्टेडियम के बाहर हुई घटनाओं की रही।
एंट्री गेट पर बिगड़ा हालात, भीड़ बेकाबू हुई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेडियम के गेट नंबर 2 पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब बड़ी संख्या में टिकटधारक दर्शकों को अंदर प्रवेश नहीं मिल पाया। कई लोगों ने आरोप लगाया कि वैध टिकट होने के बावजूद उन्हें एंट्री से रोका गया, जिससे भीड़ नाराज हो गई और माहौल अचानक बिगड़ गया
स्थिति के दौरान कुछ लोगों द्वारा गेट धक्का देकर खोलने और अव्यवस्था फैलने की भी जानकारी सामने आई। इसी बीच सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे, क्योंकि भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सुरक्षा कर्मियों और दर्शकों के बीच तनाव
घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा कर्मियों और दर्शकों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग भी किया गया वहीं, मीडिया कर्मियों को कवरेज से रोकने की कोशिश किए जाने के दावे भी सामने आए।
बारिश के बीच भी बरकरार रहा क्रिकेट का जुनून
मैच पर बारिश का भी असर पड़ा, जिसके कारण खेल निर्धारित समय से देर से शुरू हुआ इसके बावजूद क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में दर्शक बारिश में भीगते हुए स्टेडियम पहुंचे। फैंस ने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों, खासकर विराट कोहली को देखने के लिए लंबा इंतजार किया।
मैदान के अंदर रोमांच, बाहर सवाल
जहां एक ओर स्टेडियम के अंदर चौके-छक्कों और उत्साह का माहौल बना रहा, वहीं बाहर की अव्यवस्था ने आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। इससे पहले भी रायपुर में आयोजित IPL मैचों के दौरान भीड़ प्रबंधन को लेकर चिंताएं सामने आती रही हैं, जिससे इस बार की घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक तैयारियों पर ध्यान खींचा है।

