Site icon AB News.Press

Police Recruitment : छत्तीसगढ़ पुलिस में ट्रांसजेंडर समुदाय की ऐतिहासिक एंट्री… 8 ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों का पुलिस आरक्षक पद पर चयन

Police Recruitment: Historic Entry of the Transgender Community into the Chhattisgarh Police—8 Transgender Candidates Selected for the Post of Police Constable.

Police Recruitment

रायपुर, 13 मई। Police Recruitment : छत्तीसगढ़ राज्य ने सामाजिक समावेशन और समान अवसर की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राज्य में 8 ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों का चयन पुलिस आरक्षक पद पर हुआ है। यह सफलता वर्ष 2024 की भर्ती प्रक्रिया तथा 2025 में आयोजित शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिली है।

विभिन्न जिलों के उम्मीदवारों ने हासिल की सफलता

चयनित उम्मीदवारों में सुश्री भूमि मानिकपुरी, सुश्री खुशी ध्रुव, सुश्री संजना ध्रुव, सुश्री रानू यादव, सुश्री पवित्रा चंद्रवंशी, सुश्री लक्ष्मी साहू, सुश्री अप्सरा जायसवाल और सुश्री सुभी यादव शामिल हैं। ये उम्मीदवार रायपुर, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा और कांकेर सहित विभिन्न जिलों से हैं। सामाजिक चुनौतियों और व्यक्तिगत संघर्षों के बावजूद सभी ने मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।

समान अवसर और सामाजिक स्वीकार्यता का मजबूत संदेश

यह उपलब्धि केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय की बढ़ती भागीदारी, सम्मान और स्वीकार्यता का भी सशक्त उदाहरण है। पुलिस विभाग जैसे जिम्मेदार क्षेत्र में उनकी नियुक्ति समान अवसर आधारित व्यवस्था को और मजबूत करेगी।

समाज कल्याण विभाग ने किया सहयोग

इस सफलता में समाज कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग द्वारा उम्मीदवारों को प्रशिक्षण, आवागमन सुविधा और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें भर्ती प्रक्रिया की तैयारी में मदद मिली।

युवाओं के लिए बनेगी प्रेरणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ट्रांसजेंडर समुदाय को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह चयन एक प्रेरणादायी कदम माना जा रहा है। यह सफलता आने वाले समय में अनेक ट्रांसजेंडर युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

Exit mobile version