रायगढ़, 12 मई। Entrance Exam : मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन रायगढ़ जिले के 11 परीक्षा केंद्रों में सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बैठक व्यवस्था और अनुशासन की बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की गईं।
बालिकाओं की भागीदारी ने बढ़ाया उत्साह
प्रवेश परीक्षा के लिए जिलेभर से कुल 3705 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें 1365 बालक और 2340 बालिकाएं शामिल थीं। परीक्षा में कुल 2931 विद्यार्थी उपस्थित रहे। इनमें 1011 बालक और 1920 बालिकाएं शामिल रहीं। जिले का कुल उपस्थिति प्रतिशत 79.11 दर्ज किया गया, जबकि बालिकाओं की उपस्थिति 82.05 प्रतिशत रही, जो छात्राओं की बढ़ती जागरूकता और शिक्षा के प्रति रुचि को दर्शाता है।
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिल रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
प्रयास आवासीय विद्यालय योजना आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। वर्ष 2010 में रायपुर से शुरू हुई यह योजना वर्तमान में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में संचालित हो रही है। वर्तमान में प्रदेश में कुल 17 प्रयास संस्थाएं संचालित हैं, जिनमें लगभग 7120 सीटें स्वीकृत हैं और 6064 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं की दी जाती है विशेष कोचिंग
इन विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक विद्यार्थियों को नियमित शिक्षा के साथ इंजीनियरिंग, मेडिकल, एनडीए, क्लैट और अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कोचिंग दी जाती है। विद्यार्थियों को आवास, भोजन, गणवेश, पुस्तकें, खेल सामग्री और अन्य सभी सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिमाह 2 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं प्रयास विद्यालय
विद्यालयों में आधुनिक फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और कंप्यूटर लैब की सुविधा उपलब्ध है। आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी और एआईआईएमएस जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित विद्यार्थियों को लैपटॉप और आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है। विशेष रूप से आईआईटी में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये तक की सहायता राशि देने का प्रावधान किया गया है।
#PrayasSchool #Raigarh #EducationNews #StudentSuccess #EntranceExam #GirlsEducation #Chhattisgarh #SchoolEducation #CompetitiveExam #GovernmentScheme

