रायपुर, 12 मई। Dhamtari जिले में बच्चों और युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने तथा गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक बनाने के उद्देश्य से “समर कैम्प 2026” की शुरुआत हो गई है। जिला प्रशासन और खेल विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह 30 दिवसीय शिविर 9 मई से 8 जून तक संचालित होगा, जिसमें खेल प्रशिक्षण के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
36 केंद्रों पर मिलेगा विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण
इस वर्ष समर कैम्प का विस्तार करते हुए जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 36 प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं। फ्रीडम फिजिकल ट्रेनिंग सहित विभिन्न खेल संघों और क्लबों के माध्यम से बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार खेल चुनने का अवसर दिया जा रहा है। शिविर में फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रग्बी जैसे मैदानी खेलों के साथ कराटे, जूडो, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग और कुडो जैसे मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके अलावा योग, शतरंज, कुश्ती, तीरंदाजी, स्केटिंग और वेटलिफ्टिंग को भी शामिल किया गया है।
अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में निखरेगी प्रतिभा
शिविर में अनुभवी प्रशिक्षक बच्चों को खेल की तकनीकी बारीकियों के साथ फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण भी सिखा रहे हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें भविष्य में खेल अकादमियों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
योग और आत्मरक्षा प्रशिक्षण पर विशेष जोर
बदलते समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समर कैम्प में योग और आत्मरक्षा प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी गई है। बच्चों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ उनकी मानसिक एकाग्रता और स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। शिविर के संचालन में सेजेस चर्रा, शौर्य क्रीड़ा क्लब कुण्डेल, कला केन्द्र इतवारी बाजार, नगर निगम स्पोर्ट्स एकेडमी तथा विभिन्न खेल संघ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में पहल
जिला प्रशासन ने सभी प्रशिक्षण केंद्रों पर खेल सामग्री और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। समर कैम्प 2026 को बच्चों के सर्वांगीण विकास, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

