Site icon AB News.Press

Abujhmad में गूंजी मोबाइल की घंटी, दूरस्थ गांवों में शुरू हुई संचार क्रांति… रायनार में मोबाइल टावर शुरू होने से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

Mobile phones ring out in Abujhmad; a communication revolution begins in remote villages... Villagers find immense relief as a mobile tower becomes operational in Raynar.

Abujhmad

रायपुर, 12 मई।  Abujhmad : छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचल और अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल टावर शुरू होने से संचार क्रांति की नई शुरुआत हुई है। वर्षों तक ‘नो नेटवर्क जोन’ में रहने वाले नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड के गांव अब मोबाइल नेटवर्क से जुड़ गए हैं। ग्राम रायनार में नया मोबाइल टावर स्थापित होने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को संचार सुविधा का सीधा लाभ मिलने लगा है।

इन गांवों को मिलेगा नेटवर्क का लाभ

जिला प्रशासन और दूरसंचार विभाग के समन्वय से स्थापित इस मोबाइल टावर से रायनार, नुलवट्टी, झोरी, डीडरभट्टी, रेंगाबेड़ा और मडाली जैसे दुर्गम गांवों को नेटवर्क सुविधा मिलेगी। अब ग्रामीणों को मोबाइल सिग्नल के लिए पहाड़ियों पर चढ़ने या दूर तक पैदल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

पहाड़ों पर चढ़कर नेटवर्क खोजने की मजबूरी खत्म

करीब 590 की आबादी वाले ग्राम रायनार के ग्रामीणों के लिए मोबाइल नेटवर्क हासिल करना अब तक बड़ी चुनौती था। नेटवर्क पाने के लिए लोगों को ऊंचे पहाड़ों पर चढ़ना पड़ता था। टावर शुरू होने के बाद अब ग्रामीण घर बैठे अपने परिजनों से बातचीत कर पा रहे हैं और जरूरी सेवाओं का लाभ भी आसानी से मिलेगा।

बैंकिंग, स्वास्थ्य और ऑनलाइन सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

मोबाइल नेटवर्क शुरू होने से अब ग्रामीणों को बैंकिंग, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। डिजिटल ट्रांजेक्शन और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं का विस्तार भी क्षेत्र में तेज होगा। मितान जैसी ऑनलाइन सेवाओं तक ग्रामीणों की सीधी पहुंच सुनिश्चित होगी।

शिक्षा और युवाओं के भविष्य को मिलेगी नई दिशा

स्थानीय विद्यार्थियों को अब ऑनलाइन शिक्षा और डिजिटल संसाधनों का लाभ मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि यह पहल अबूझमाड़ के युवाओं को देश-दुनिया से जोड़ने और उनके सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। रायनार में मोबाइल टावर की स्थापना को क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Exit mobile version