रायपुर, 11 मई। Sushasaan Tihar 2026 : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले में “सुशासन तिहार 2026” के तहत जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन लगातार जारी है। इसी क्रम में 12 मई 2026 को बगीचा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम महुआ तथा नगर पालिका परिषद जशपुर में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
12 गांवों के ग्रामीण रख सकेंगे अपनी समस्याएं
महुआ में आयोजित शिविर में महुआ, सन्ना, तोरा, डोभ, कोपा, लोरो, भादू, बहोरा, लरंगा, भंवर, कामारिमा और कवई गांवों के ग्रामीण अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी और त्वरित समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जशपुर नगर पालिका के 15 वार्डों को मिलेगा लाभ
नगर पालिका परिषद जशपुर में आयोजित शिविर में वार्ड क्रमांक 01 से 15 तक के नागरिक भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। नागरिक लिखित आवेदन के माध्यम से अपनी शिकायतें एवं मांगें प्रस्तुत करेंगे, जिनका मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
समयबद्ध समाधान पर प्रशासन का फोकस
जिला प्रशासन ने शिविरों के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने नोडल एवं विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं ताकि नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान मिल सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निवास क्षेत्र के संबंधित शिविर में उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत करें, जिससे उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

