रायपुर, 11 मई। Nischay Program : छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी “निश्चय” योजना के तहत केंद्रीय जेल और महिला जेल रायपुर में एक गरिमामयी समारोह आयोजित किया गया, जहां 67 बंदियों को कौशल विकास प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को अपराध की दुनिया से दूर कर उन्हें स्वावलंबी और सम्मानजनक जीवन की ओर प्रेरित करना है।
महिला और पुरुष बंदियों को मिला प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र
समारोह के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 38 महिला बंदिनी और 29 पुरुष बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। निश्चय कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को काउंसलिंग, अपराध बोध की समझ, स्वरोजगार उन्मुख कौशल प्रशिक्षण और रिहाई के बाद रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का हुआ शुभारंभ
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय जेल रायपुर में कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का भी शुभारंभ किया गया। अब बंदी जेल परिसर में ही कंप्यूटर का बेसिक और एडवांस प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे, जिससे रिहाई के बाद रोजगार के नए अवसर उनके लिए खुलेंगे।
13 मई को लगेगा लोन मेला
बंदियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए 13 मई 2026 को केंद्रीय जेल परिसर में इंडियन ओवरसीज बैंक द्वारा लोन मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से रिहा होने वाले बंदियों को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पुनर्वास और नई शुरुआत की पहल
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत के सहयोग से संचालित यह कार्यक्रम जेल सुधार और पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में डीजी जेल श्री हिमांशु गुप्ता, जेल अधीक्षक श्री योगेश सिंह क्षत्री, महिला जेल प्रभारी सुश्री गरिमा पांडेय सहित जेल प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

