Site icon AB News.Press

PMAYG : प्रधानमंत्री आवास योजना में धमतरी बना प्रदेश का नंबर-1 जिला… हजारों ग्रामीण परिवारों को मिला पक्के घर का सपना

PMAY-G: Dhamtari Becomes the State's Number One District Under the Pradhan Mantri Awas Yojana... Realizing the Dream of a Permanent Home for Thousands of Rural Families.

PMAYG

रायपुर, 09 मई। PMAYG : धमतरी जिले ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत जारी जिला स्तरीय समग्र रैंकिंग में पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल कर नई मिसाल कायम की है। ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी आवास उपलब्ध कराने की दिशा में जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन को राज्यभर में सराहा जा रहा है। आवास निर्माण की गुणवत्ता, समयबद्ध पूर्णता, जियो टैगिंग, ऑनलाइन प्रविष्टियों, हितग्राही आधारित मॉनिटरिंग और किस्त भुगतान जैसे विभिन्न मानकों में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर धमतरी ने प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

42 हजार से अधिक आवासों का मिला लक्ष्य

वर्ष 2024-26 के लिए जिले को कुल 42 हजार 318 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध अब तक 41 हजार 303 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से 40 हजार 640 हितग्राहियों को प्रथम किश्त जारी की गई है। वर्तमान में 38 हजार 990 आवास निर्माणाधीन हैं, जबकि 37 हजार 247 हितग्राहियों को दूसरी किश्त का भुगतान भी किया जा चुका है। जिले में अब तक 29 हजार 35 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का 68.6 प्रतिशत है।

सतत मॉनिटरिंग और टीमवर्क से मिली सफलता

जिला प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों और मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार माना जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्राम पंचायत स्तर तक नियमित समीक्षा, तकनीकी मार्गदर्शन और अधिकारियों की सतत निगरानी सुनिश्चित की गई। प्रशासन ने नवाचार आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था अपनाते हुए दैनिक प्रगति की समीक्षा की, जिससे निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय तेजी आई।

ग्रामीणों को मिल रहा सुरक्षा और सम्मान

कलेक्टर ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल घर निर्माण की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिले का लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार तक गुणवत्तापूर्ण आवास समय पर पहुंचाना है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके।

पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष जोर

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि नियमित फील्ड मॉनिटरिंग, समीक्षा बैठकों और तकनीकी समन्वय के कारण जिले में आवास निर्माण कार्यों में तेजी आई है। हितग्राहियों को निर्माण कार्य के हर चरण में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया, जिससे योजना का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो सका। धमतरी की यह उपलब्धि अब राज्य के अन्य जिलों के लिए प्रेरणा बन गई है। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ योजना के सफल संचालन का संकल्प व्यक्त किया है।

Exit mobile version