बलरामपुर 09 मई। BJP MLA Viral Video : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान प्रतापपुर से बीजेपी विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते अधिकारियों और कर्मचारियों पर जमकर भड़क गईं। राजस्व मामलों में देरी और फरियादियों को हो रही परेशानी को लेकर विधायक ने मंच से अफसरों को खरी-खरी सुनाई। उन्होंने कहा कि, पढ़-लिख लेने से कोई जनता से ऊपर नहीं हो जाता। जनता का श्राप बड़े-बड़ों का गुरूर तोड़ देता है।
ग्रामीणों ने सुनाई परेशानी
8 मई को वाड्रफनगर ब्लॉक में आयोजित सुशासन तिहार में ग्रामीणों ने विधायक से जमीन सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा और पट्टा जैसे मामलों में देरी की शिकायत की। ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन समय पर काम नहीं हो रहा।
मंच से अधिकारियों को नसीहत
इस पर विधायक शकुंतला पोर्ते ने मंच से अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा, आप एसडीएम, तहसीलदार और पटवारी मेहनत से बने हैं, लेकिन इस पद का गुरूर मत कीजिए। आपके हाथ में कलम की ताकत है, लेकिन हमारे पास जनता की ताकत है। उन्होंने कहा कि लोग सुबह से बस में सफर कर दफ्तर पहुंचते हैं, घंटों इंतजार करते हैं और काम न होने पर निराश होकर लौट जाते हैं। ऐसे लोगों की आह कभी खाली नहीं जाती।
योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाएं लोगों का जीवन बदल सकती हैं, लेकिन उनका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अफसरों को दफ्तरों तक सीमित रहने के बजाय गांवों में जाकर काम करने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल
विधायक के भाषण का वीडियो अब सोशल मीडिया (BJP MLA Viral Video) पर तेजी से वायरल हो रहा है। इससे पहले सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा भी राजपुर में अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी जता चुकी हैं।
