Site icon AB News.Press

Truth Love Story : मुस्लिम जेल अफसर को हुआ उम्रकैद काट चुके हिंदू कैदी से प्यार…! वैदिक रीति से रचाई शादी…VHP नेता ने किया कन्यादान

A True Love Story: Muslim Jail Officer Falls in Love with Hindu Prisoner Who Had Served a Life Sentence...! They Married According to Vedic Rites... VHP Leader Performs the 'Kanyadaan' Ceremony.

Truth Love Story

सतना, 08 मई। Truth Love Story : मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक मुस्लिम महिला जेल अधिकारी ने हत्या के मामले में सजा काट चुके हिंदू व्यक्ति से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी कर ली। यह अनोखी प्रेम कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है। सतना केंद्रीय जेल में सहायक जेल अधीक्षक के पद पर कार्यरत मुस्लिम महिला अधिकारी फिरोजा ने हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट चुके हिंदू युवक धर्मेंद्र सिंह चंदला से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी कर ली।

वारंट ड्यूटी के दौरान हुआ प्यार

यह शादी 5 मई को लवकुशनगर में वैदिक मंत्रों और सात फेरों के साथ संपन्न हुई। शादी के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। वजह सिर्फ अंतरधार्मिक विवाह नहीं, बल्कि एक जेल अधिकारी और पूर्व कैदी के रिश्ते की अनोखी कहानी भी है।

जानकारी के मुताबिक, फिरोजा रीवा की रहने वाली हैं और सतना केंद्रीय जेल में वारंट संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी संभालती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात धर्मेंद्र सिंह से हुई, जो एक हाई-प्रोफाइल हत्या मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था।

बताया जा रहा है कि जेल में अच्छे व्यवहार और प्रशासनिक कार्यों में सहयोग करने की वजह से धर्मेंद्र का जेल स्टाफ से नियमित संपर्क रहता था। इसी दौरान फिरोजा और धर्मेंद्र के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती प्यार में बदल गई।

सूत्रों के अनुसार, फिरोजा के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया था और शादी में उनके परिजन शामिल नहीं हुए। ऐसे में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने विवाह समारोह में कन्यादान की रस्म निभाई।

पूरे इलाके में हो रही चर्चा

धर्मेंद्र सिंह चंदला को साल 2007 में चंदला नगर परिषद के तत्कालीन उपाध्यक्ष कृष्ण दत्त दीक्षित की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। करीब 14 साल जेल में रहने के बाद अच्छे आचरण के आधार पर उन्हें चार साल पहले रिहा किया गया था। इस शादी को लेकर इलाके में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम की ताकत बता रहे हैं, तो कुछ लोग एक जेल अधिकारी और पूर्व कैदी के रिश्ते को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं। फिलहाल यह अनोखी प्रेम कहानी सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय राजनीति और समाजिक चर्चाओं तक का बड़ा विषय बन चुकी है।

Exit mobile version