बिलासपुर, 07 मई। Bilaspur Viral Video : बिलासपुर के सकरी थाने के लॉकअप से हिस्ट्रीशीटर विक्की पांडेय का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में आरोपी सिगरेट पीते और खुद को ‘किंग ऑफ बिलासपुर’ बताते नजर आया। मामले ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिस्ट्रीशीटर ने दिखाया CCTV और TI रूम
बिलासपुर के सकरी थाने से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाने के लॉकअप में बंद एक हिस्ट्रीशीटर का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में हिस्ट्रीशीटर विक्की पांडेय लॉकअप के अंदर सिगरेट पीते हुए दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, वह खुद को ‘किंग ऑफ बिलासपुर’ बताते हुए इंस्टाग्राम पर लाइव आता है और थाने के अंदर का नजारा भी दिखाता है। वीडियो में लॉकअप के भीतर मौजूद अन्य आरोपी, CCTV कैमरे और थाना प्रभारी के कक्ष तक की झलक दिखाई देती है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे यह वीडियो इंस्टाग्राम के “जय माता दी” नामक पेज पर पोस्ट किया गया। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। लोगों ने सकरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपी और पुलिस के बीच मिलीभगत के आरोप लगाए।
पुलिस लॉकअप बना ‘VIP रूम’
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोपी को ‘पुलिस का स्पेशल मेहमान’ और ‘जिगरी दोस्त’ तक बता दिया। लोगों का कहना है कि जिस लॉकअप में मोबाइल और प्रतिबंधित सामान ले जाना संभव नहीं होना चाहिए, वहां आरोपी के पास स्मार्टफोन और सिगरेट कैसे पहुंची?
आमतौर पर लॉकअप में बंद आरोपियों की सख्त तलाशी ली जाती है। ऐसे में आरोपी का मोबाइल इस्तेमाल करना और लाइव वीडियो बनाना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक माना जा रहा है।
इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग (Bilaspur Viral Video) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से जांच की तैयारी की जा रही है। वहीं वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

