जांजगीर-चांपा, 03 मई। Bus Accident : जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के वक्त बस में 50 से ज्यादा यात्री
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बीरा थाना क्षेत्र के ग्राम कन्नौद के पास हुआ। बस कोरबा से सरायपाली की ओर जा रही थी, तभी अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
ग्रामीणों ने संभाली राहत-बचाव की कमान
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या सड़क की खराब स्थिति को संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

