रायपुर, 22 अप्रैल। Health Campaign : छत्तीसगढ में चल रहे स्वास्थ्य अभियान के तहत केवल जांच ही नहीं, बल्कि उपचार की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। अब तक 5,645 गंभीर मरीजों की पहचान कर उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में भेजा गया है, जहां विशेषज्ञों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य टीमों की सक्रियता बढ़ाई गई है। टीमें सीधे गांवों में पहुंचकर शिविर आधारित जांच कर रही हैं, जिससे ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
मौके पर ही दवा और परामर्श की सुविधा
इन शिविरों में मरीजों को तुरंत दवा और परामर्श दिया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल उच्च संस्थानों में भेजने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
तकनीक से मिली मजबूती
मोबाइल चिकित्सा इकाइयों, स्वास्थ्य शिविरों और डिजिटल स्वास्थ्य पहचान जैसी व्यवस्थाओं से इस अभियान को तकनीकी और संरचनात्मक मजबूती मिल रही है। इससे मरीजों का रिकॉर्ड बेहतर तरीके से संधारित हो रहा है और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में विस्तार
इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं तेजी से पहुंच रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य हर व्यक्ति तक समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करना है, जिससे समाज में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था स्थापित हो सके।

