Site icon AB News.Press

Good Governance : प्रधानमंत्री जनमन योजना से बदली सेजाडीह गांव की तस्वीर… पहाड़ी क्षेत्र में बनी पक्की सड़क

Good Governance: The Prime Minister Janman Scheme Transforms the Landscape of Sejadih Village... Paved Road Constructed in the Hilly Region.

Good Governance

रायपुर, 21 अप्रैल। Good Governance : छत्तीसगढ के कबीरधाम ज़िला के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित ग्राम सेजाडीह अब विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से गांव को वह सुविधा मिली है, जिसका इंतजार ग्रामीणों ने वर्षों तक किया था।

योजना के अंतर्गत सेंदूरखार से सेजाडीह तक 2.10 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण कराया गया है, जिस पर लगभग 1 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपये की लागत आई है। पहाड़ी क्षेत्र में स्थित इस गांव तक सड़क बनाने के लिए घाट कटिंग कर मार्ग तैयार किया गया, जो एक चुनौतीपूर्ण कार्य था।

पहले थी आवागमन की बड़ी समस्या

गांव में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा परिवारों को वर्षों तक आवागमन की भारी परेशानी झेलनी पड़ी। संकरे और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्तों से गुजरना ही एकमात्र विकल्प था। मरीजों को अस्पताल ले जाना, बच्चों का स्कूल जाना और किसानों का उपज बाजार तक पहुंचाना बेहद कठिन था।

सड़क बनने से आसान हुआ जीवन

ग्राम के निवासी धनसिंह धुर्वे बताते हैं कि पहले राशन, दवाई और अन्य आवश्यक वस्तुएं लाने के लिए दूर के बाजारों तक जाना पड़ता था और सामान सिर या कंधे पर ढोकर लाना पड़ता था। अब पक्की सड़क बनने से वाहन सीधे गांव तक पहुंच रहे हैं, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।

गांव में शुरू हुआ साप्ताहिक बाजार

सड़क बनने के बाद गांव में हर मंगलवार को बाजार लगना भी शुरू हो गया है। इससे ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों बाद उनके गांव तक विकास की सड़क पहुंची है, जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है।

Exit mobile version