बिलासपुर, 13 अप्रैल। Ganja Smuggling : शहर में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गांजा तस्करी के आरोप में दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 किलो गांजा, 5.98 लाख रुपये नकद, एक कार, दो स्कूटी, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 15.78 लाख रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, एसीसीयू टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोपका स्थित पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर इलाके में दो महिलाएं गांजा बेच रही हैं। इसके बाद एसीसीयू और सरकंडा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
छापे के दौरान दोनों महिलाएं कार और स्कूटी में गांजा सप्लाई करते हुए रंगे हाथ पकड़ी गईं। तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में गांजा और नकदी बरामद हुई।
नाम बदलकर चला रही थीं धंधा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30) और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40) के रूप में हुई है। ये मस्तूरी क्षेत्र के जयराम नगर की निवासी हैं और फिलहाल सरकंडा इलाके में रह रही थीं। पहचान छिपाने के लिए दोनों अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर रही थीं।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों बहनों ने गांजा बेचकर कमाए पैसों से स्कूटी (Ganja Smuggling) खरीदी थी, जिसका उपयोग सप्लाई के लिए किया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

