अम्बिकापुर, 13 अप्रैल। Clean Energy : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आम नागरिकों के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अम्बिकापुर जिले के भगवानपुर निवासी संतोष सरकार ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित कर न केवल अपना बिजली बिल शून्य कर लिया है, बल्कि अब वे अतिरिक्त बिजली ग्रिड को देकर ‘ऊर्जादाता’ की भूमिका भी निभा रहे हैं।
भारी बिजली बिल से मिली राहत
संतोष सरकार बताते हैं कि सोलर पैनल लगाने से पहले उन्हें हर महीने 8 से 10 हजार रुपये तक का बिजली बिल चुकाना पड़ता था, जिससे घरेलू बजट पर काफी दबाव पड़ता था। योजना का लाभ लेने के बाद अब उनका बिजली बिल पूरी तरह समाप्त हो गया है, जिससे उन्हें स्थायी आर्थिक राहत मिली है।
सब्सिडी से आसान हुआ सोलर अपनाना
इस योजना के तहत संतोष सरकार को कुल ₹1,08,000 की सब्सिडी मिल रही है। इसमें से ₹78,000 की राशि केंद्र सरकार द्वारा सीधे उनके बैंक खाते में जमा की जा चुकी है, जबकि ₹30,000 की अतिरिक्त सब्सिडी राज्य सरकार की ओर से मिलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस आर्थिक सहायता ने सोलर पैनल लगवाना बेहद आसान बना दिया है।
ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता कदम
सोलर पैनल के माध्यम से अब संतोष सरकार न केवल अपनी जरूरत की बिजली खुद उत्पन्न कर रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड में देकर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहे हैं। यह पहल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
योजना के लिए जताया आभार
संतोष सरकार ने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाकर बिजली बिल से राहत पाएं और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ न केवल आर्थिक राहत दे रही है, बल्कि आम लोगों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। यह योजना देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

