बिलासपुर, 11 अप्रैल। Bee Attack in Company Garden : बिलासपुर शहर के कंपनी गार्डन,स्वामी विवेकानंद पार्क में अचानक मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। सुबह की सैर और धार्मिक अनुष्ठान के लिए पहुंचे लोगों पर मधुमक्खियों ने झुंड बनाकर हमला कर दिया, जिससे पूरे गार्डन में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस हमले में करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें बाद में सिम्स अस्पताल में उपचार दिया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे सिंधी समाज के लोग गार्डन में मॉर्निंग वॉक के साथ एक धार्मिक आयोजन के लिए एकत्र हुए थे। इस दौरान कुछ लोग लाउडस्पीकर पर संगीत बजा रहे थे, जबकि अन्य लोग आरती में व्यस्त थे। इसी बीच आशंका जताई जा रही है कि किसी ने अनजाने में मधुमक्खियों के छत्ते को छेड़ दिया, जिससे वे आक्रामक हो गईं।
गार्डन में उस समय काफी भीड़ थी, ऐसे में अचानक हुए हमले से लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में पूरा गार्डन खाली हो गया। मधुमक्खियों के डंक से कई लोगों के चेहरे, कान और शरीर के अन्य हिस्सों में सूजन आ गई। खुद को बचाने के लिए कई लोग संतोष भवन, गोल बाजार और मिशन हॉस्पिटल रोड की ओर भागे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लाउडस्पीकर की तेज आवाज या पूजा पाठ के धुएं से भी मधुमक्खियां भड़क सकती हैं। घटना के समय पूजा-अर्चना चल रही थी। इस घटना का असर आसपास के व्यापारियों पर भी पड़ा। गार्डन के सामने लगे ठेलों और दुकानों पर काम करने वाले कई लोग गमछा बांधकर काम करते नजर आए।

