मुंबई, 10 अप्रैल। Seizure of Smuggled Gold : छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सोना तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने इस कार्रवाई में 24 महिलाओं को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 29.37 किलोग्राम सोना बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 37.74 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक, केन्या की राजधानी नैरोबी से आने वाली कुछ महिलाओं के जरिए सोना तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद मुंबई पहुंची 24 विदेशी महिलाओं को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान, उनके बैग और कपड़ों से 25.10 किलोग्राम सोने की ईंटें और 4.27 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।
‘ऑपरेशन धाहाबू ब्लिट्ज’ में बड़ा खुलासा
यह पूरी कार्रवाई DRI की मुंबई यूनिट ने ‘ऑपरेशन धाहाबू ब्लिट्ज’ के तहत की। बताया जा रहा है कि यह इस साल की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक है। ‘धाहाबू’ स्वाहिली भाषा में सोना को कहा जाता है।
गिरोह के नेटवर्क की तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिलाओं को सोना छिपाने (Seizure of Smuggled Gold) और सुरक्षा जांच से बचने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। इससे एक संगठित तस्करी गिरोह के शामिल होने के संकेत मिले हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर
न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।