Afforestation : बंजर से हरियाली तक… कोरबा के डंप क्षेत्र में उगा नया जंगल

Afforestation : बंजर से हरियाली तक… कोरबा के डंप क्षेत्र में उगा नया जंगल

रायपुर, 10 अप्रैल। Afforestation : छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए कोरबा जिले के गेवरा परिक्षेत्र में 12.45 हेक्टेयर डंप क्षेत्र में 33,935 पौधों का सफल रोपण किया है। इस प्रयास से बंजर भूमि को हरियाली में बदलने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वन मंत्री केदार कश्यप ने इस पहल की सराहना की है।

जहां हरियाली असंभव थी, वहां उगा जंगल

कोयला खनन के बाद डंप क्षेत्रों में उपजाऊ मिट्टी नीचे दब जाती है और ऊपर पत्थर व अवशेष रह जाते हैं, जिससे भूमि बंजर हो जाती है। ऐसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में भी वन विकास निगम ने हरियाली लाने में सफलता हासिल की है।

वैज्ञानिक पद्धति से हुआ वृक्षारोपण

रोपण कार्य को वैज्ञानिक तरीके से अंजाम दिया गया। मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के लिए वर्मी कम्पोस्ट, नीमखली और डीएपी का उपयोग किया गया। जीपीएस सर्वे और सीमांकन के बाद व्यवस्थित गड्ढे तैयार कर 3–4 फीट ऊंचाई के स्वस्थ पौधों का रोपण किया गया।

मिश्रित प्रजातियों से बढ़ेगी जैव विविधता

इस क्षेत्र में नीम, शीशम, सिरस, कचनार, करंज, आंवला, बांस, महोगनी, सहतूत, महुआ और बेल जैसी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इससे भविष्य में यह क्षेत्र पक्षियों और अन्य वन्य जीवों के लिए अनुकूल आवास बन सकेगा।

निरंतर देखभाल से मिल रही सफलता

रोपण के बाद पौधों की नियमित देखभाल की जा रही है, जिसमें सिंचाई, निंदाई-गुड़ाई, खाद डालना, सुरक्षा और मृत पौधों का समय पर प्रतिस्थापन शामिल है। वर्ष 2025 से 2029 तक पांच वर्षों तक रखरखाव के बाद इस विकसित हरित क्षेत्र को SECL गेवरा को सौंपा जाएगा।

राज्य खबर स्पेशल