रायपुर, 06 अप्रैल। Clean India : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मुंगेली विकासखंड के ग्राम पचौटिया की निवासी राजेश्वरी मरावी की जिंदगी में भी इस योजना ने बड़ा परिवर्तन लाया है।
पहले उनके घर में शौचालय की सुविधा नहीं थी, जिससे उन्हें और उनके परिवार को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। खासकर महिलाओं को बाहर जाने में असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ता था।
शासन की पहल से राजेश्वरी को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्वीकृति मिली, जिसके बाद उन्होंने निर्माण कार्य पूरा कराया। निर्माण पूर्ण होने पर उन्हें डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई।
राजेश्वरी मरावी ने बताया कि शौचालय बनने से उनकी सबसे बड़ी समस्या दूर हो गई है। अब उन्हें बाहर जाने की परेशानी नहीं होती, जिससे समय की बचत के साथ-साथ सुरक्षा और सम्मान भी सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस सुविधा से उनके परिवार का जीवन स्तर बेहतर हुआ है और अब वे स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर रहे हैं।

