Site icon AB News.Press

Industrial Accident : भिलाई में औद्योगिक हादसा टला…! केएसएस हाइड्रोकार्बन फैक्ट्री में पिच ऑयल लीक…इलाके में जहरीला धुआं

Industrial Accident: Industrial mishap averted in Bhilai! Pitch oil leak at KSS Hydrocarbon factory... Toxic fumes engulf the area.

Industrial Accident

दुर्ग/भिलाई, 01 अप्रैल। Industrial Accident : छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र भिलाई में मंगलवार शाम एक बड़ा औद्योगिक हादसा होते-होते टल गया। हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित केएसएस हाइड्रोकार्बन फैक्ट्री में पिच ऑयल की लोडिंग के दौरान अचानक पाइपलाइन फट गई, जिससे गर्म केमिकल बाहर फैल गया और हवा में मिलते ही घना जहरीला धुआं उठने लगा।

घटना के बाद पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूरों और स्थानीय लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। कई बच्चों को उल्टियां होने की भी सूचना मिली।

दमकल टीम देर से पहुंची, सायरन नहीं बजा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शाम 4:30 से 5 बजे के बीच हुआ, लेकिन कंपनी ने इमरजेंसी सायरन नहीं बजाया और दमकल विभाग को समय पर सूचना नहीं दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल टीम रात 8:30 बजे मौके पर पहुंची, तब तक जहरीला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल चुका था।

मजदूरों में दहशत

पास की फैक्ट्रियों के संचालकों ने बताया कि जहरीले धुएं के कारण मजदूर खांसी और सांस लेने में दिक्कत के कारण काम छोड़कर भाग गए। रात की शिफ्ट के कर्मचारी घर लौटने को मजबूर हुए।

कंपनी पर लापरवाही के आरोप

स्थानीय फैक्ट्री मालिकों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि समय पर सायरन बजाने और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने से नुकसान कम किया जा सकता था। कंपनी के कार्यालय में शिकायत करने पर कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था और कर्मचारियों का रवैया भी नकारात्मक बताया गया।

कानून क्या कहता है?

औद्योगिक सुरक्षा नियमों के अनुसार किसी भी केमिकल रिसाव या हादसे की स्थिति में, तुरंत सायरन बजाना, बिजली-गैस सप्लाई बंद करना और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाना अनिवार्य है। लेकिन इस मामले में सभी प्रोटोकॉल की अनदेखी सामने आई।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

जिला अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि पिच ऑयल के रिसाव से धुआं फैला। कंपनी का तर्क है कि आग नहीं लगी थी, इसलिए दमकल को सूचना नहीं दी गई। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version