Site icon AB News.Press

Nagar Nigam Action : नोटिस पर भी नहीं जागे स्कूल…! होली क्रॉस स्कूल बैरन बाजार और शैलेंद्र नगर पर 58 लाख का बकाया…दोनों स्कूल सील

Municipal Corporation Action: Schools failed to respond to notices! Holy Cross School, Baron Bazar, and Shailendra Nagar owe 58 lakh rupees... Both schools sealed.

Municipal Corporation Action

रायपुर, 31 मार्च। Nagar Nigam Action : वित्तीय वर्ष की समाप्ति के साथ नगर निगम ने बड़े बकाएदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को बैरनबाजार स्थित होलीक्रॉस स्कूल और शैलेंद्र नगर के एक स्कूल को सील कर दिया गया। निगम के अनुसार, दोनों संस्थानों ने शुरुआत से अब तक यूजर चार्ज का भुगतान नहीं किया था।

जोन क्रमांक-4 के तहत आने वाले शैलेंद्र नगर स्कूल पर करीब 24 लाख रुपए का बकाया है, जबकि बैरनबाजार स्थित होलीक्रॉस स्कूल का बकाया बढ़कर 34 लाख रुपए तक पहुंच गया है। हालांकि, संबंधित होलीक्रॉस कापा स्कूल ने अपना पूरा बकाया तत्काल जमा कर दिया, जिससे उस पर कार्रवाई नहीं की गई।

राजस्व उपायुक्त जागृति साहू ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को संपत्तिकर में छूट दी जाती है, लेकिन जल, सफाई और सीवेज जैसे यूजर चार्ज का भुगतान अनिवार्य है। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर परीक्षा समाप्ति के बाद सीलबंदी की कार्रवाई की गई।

दशकों से संचालित, फिर भी नहीं किया भुगतान

निगम के मुताबिक, होलीक्रॉस बैरनबाजार स्कूल वर्ष 1956 से संचालित हो रहा है, जबकि शैलेंद्र नगर स्कूल 2004 से चल रहा है। दोनों ही संस्थान आयकर अधिनियम 1961 की धारा 12A के तहत छूट का लाभ लेते हैं, इसके बावजूद अब तक यूजर चार्ज नहीं चुकाया गया।

एक दिन में रिकॉर्ड वसूली

वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन सोमवार को निगम कार्यालयों में करदाताओं की भारी भीड़ रही। एक ही दिन में 8768 संपत्ति मालिकों ने कुल 9 करोड़ 58 लाख 61 हजार 442 रुपए का टैक्स जमा किया। इसके साथ ही निगम के सभी 10 जोनों में कार्रवाई जारी रही, जहां 60 कमर्शियल संपत्तियों को सील किया गया और 30 आवासीय संपत्तियों के नल कनेक्शन काटे गए।

अवकाश के दिन भी खुला रहा निगम कार्यालय

मंगलवार को महावीर जयंती का शासकीय अवकाश है, इसके बावजूद करदाताओं की सुविधा के लिए निगम मुख्यालय और सभी जोन कार्यालय खुले रहेंगे। निगम ने अपील की है कि 1 अप्रैल से पुराने बकाया पर 17 प्रतिशत सरचार्ज लागू होगा, इसलिए नागरिक समय रहते टैक्स जमा कर अतिरिक्त भार से बचें।

Exit mobile version