रायपुर, 22 मार्च। PM Surya Ghar Yojana : प्रधानमंत्री सूर्य घर निःशुल्क बिजली योजना ने छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की नई दिशा दी है। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से आम लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। बगीचा विकासखंड के ग्राम चम्पा निवासी कोइरा राम इस योजना के सफल लाभार्थी हैं। उन्होंने अपने घर में 2 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया है।
बिजली बिल से मिली पूरी राहत
कोइरा राम बताते हैं कि पहले उन्हें हर महीने अधिक बिजली बिल देना पड़ता था, जिससे घर का खर्च बढ़ जाता था। अब सौर संयंत्र लगने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह समाप्त हो गया है और वे निश्चिंत होकर बिजली का उपयोग कर रहे हैं।
अनुदान से आसान हुआ कार्य
सौर संयंत्र लगाने में लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये का खर्च आया, जिसमें से 90 हजार रुपये शासन द्वारा अनुदान के रूप में मिले। इससे शेष राशि देना उनके लिए आसान हो गया। सौर ऊर्जा के उपयोग से न केवल धन की बचत हो रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के माध्यम से पर्यावरण की रक्षा भी हो रही है।
ग्रामीणों के लिए वरदान
कोइरा राम का कहना है कि यह योजना ग्रामीण परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे एक ओर खर्च कम हुआ है और दूसरी ओर आत्मनिर्भरता की भावना भी मजबूत हुई है। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि सरकार आम लोगों के जीवन को सरल और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

