Site icon AB News.Press

CG Corn Farmer’s : धान छोड़ मक्का की राह…धमतरी के किसानों की बदली किस्मत

CG Corn Farmers: Shifting from Paddy to Maize—The Changing Fortunes of Dhamtari's Farmers

CG Corn Farmer's

रायपुर, 20 मार्च। CG Corn Farmer’s : कभी धान की पारंपरिक खेती के लिए पहचाना जाने वाला धमतरी जिला अब कृषि नवाचार की नई मिसाल बनता जा रहा है। यहां के किसान फसलचक्र परिवर्तन अपनाकर कम पानी में अधिक लाभ देने वाली फसलों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बदलाव ने न केवल खेती की तस्वीर बदली है, बल्कि किसानों की सोच और संसाधनों के उपयोग में भी सकारात्मक परिवर्तन लाया है।

प्रशासन की पहल बनी बदलाव की ताकत

जिला प्रशासन की दूरदर्शी पहल के तहत फसलचक्र परिवर्तन को जन-अभियान का रूप दिया गया है। किसानों को जागरूक करने, प्रशिक्षण देने और निरंतर मार्गदर्शन देने के प्रयासों ने इस पहल को सफल बनाया है। कृषि विभाग की टीम ने गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद स्थापित किया, जिससे नई फसलों के प्रति उनका विश्वास मजबूत हुआ।

रामप्रकाश नेताम बने प्रेरणा स्रोत

ग्राम गट्टासिल्ली तालपारा के किसान रामप्रकाश नेताम इस बदलाव के प्रेरक उदाहरण बनकर उभरे हैं। पहले वे केवल धान की खेती करते थे, लेकिन अब 3.5 एकड़ में मक्का की खेती कर बेहतर उत्पादन और आय हासिल कर रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से उन्होंने उन्नत तकनीक, कीट प्रबंधन और फसल देखरेख के बेहतर तरीके अपनाए हैं, जिससे उनकी खेती अधिक लाभकारी बन गई है।

सैकड़ों किसान जुड़ रहे नई खेती से

रामप्रकाश जैसे सैकड़ों किसानों ने मक्का सहित अन्य वैकल्पिक फसलों को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार किया है। खेतों में लहराती मक्का की फसल इस सकारात्मक बदलाव की तस्वीर पेश कर रही है। इससे किसानों की आय बढ़ी है और खेती का जोखिम भी कम हुआ है।

पर्यावरण को भी मिल रहा लाभ

फसलचक्र परिवर्तन का असर पर्यावरण पर भी साफ दिख रहा है। कम पानी की जरूरत वाली फसलों के कारण सिंचाई पर दबाव घटा है, जिससे जल संसाधनों का संरक्षण हो रहा है और भूजल स्तर बनाए रखने में मदद मिल रही है। साथ ही, विविध फसलों की खेती से भूमि की उर्वरता में भी सुधार हुआ है।

प्रदेश के लिए बन रहा मॉडल

यह पहल केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की आय को स्थायी और टिकाऊ बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। धमतरी में फसलचक्र परिवर्तन अब एक सफल शासकीय मॉडल बनकर उभर रहा है, जो आने वाले समय में पूरे प्रदेश के लिए कृषि नवाचार और सतत विकास का प्रेरणास्रोत बनेगा।

Exit mobile version