रायगढ़, 19 मार्च। PM Shri Yojana : पीएम श्री योजना अंतर्गत राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत रायगढ़ जिले के पीएम श्री विद्यालयों के उत्कृष्ट विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का 6 दिवसीय अंतर्राज्यीय शैक्षणिक भ्रमण कोलकाता में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
प्रशासनिक मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
यह शैक्षणिक भ्रमण कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे के निर्देशन में आयोजित किया गया। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी के. वी. राव एवं जिला मिशन समन्वयक आलोक स्वर्णकार के मार्गदर्शन में 13 मार्च को दल रवाना हुआ। इस दल का नेतृत्व एपीसी अभय कुमार पांडेय ने किया।
विज्ञान और तकनीक से बढ़ी रुचि
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने साइंस सिटी, कोलकाता का अवलोकन किया, जहां विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों ने उन्हें विज्ञान के प्रति प्रेरित किया। इसके अलावा उन्होंने कोलकाता मेट्रो की यात्रा कर आधुनिक परिवहन प्रणाली को समझा।
धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का अनुभव
विद्यार्थियों ने दक्षिणेश्वर काली मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया और बिरला तारामंडल में अंतरिक्ष से जुड़ी रोचक जानकारियां प्राप्त कीं।
ऐतिहासिक धरोहरों से हुआ परिचय
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्रों ने विक्टोरिया मेमोरियल और भारतीय संग्रहालय का भ्रमण कर भारत की समृद्ध विरासत को करीब से जाना। साथ ही उन्होंने बेलूर मठ, अलीपुर चिड़ियाघर, राष्ट्रीय पुस्तकालय, कोलकाता और आचार्य जगदीश चंद्र बोस भारतीय वनस्पति उद्यान का भी अवलोकन किया।
प्रमुख स्थलों का किया दौरा
विद्यार्थियों ने ईडन गार्डन और हावड़ा ब्रिज जैसे प्रमुख स्थलों का भी भ्रमण किया, जिससे उन्हें देश की महत्वपूर्ण धरोहरों की जानकारी मिली। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और अनुभवात्मक साबित हुआ। इससे उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शैक्षणिक ज्ञान और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

