Site icon AB News.Press

CG Tourism : छत्तीसगढ़ की खूबसूरती से रूबरू हुए देशभर के टूर ऑपरेटर्स…प्राकृतिक सौंदर्य और जनजातीय संस्कृति की सराहना

CG Tourism: Tour Operators from Across the Country Discover the Beauty of Chhattisgarh—Applauding its Natural Splendor and Tribal Culture.

CG Tourism

रायपुर, 18 मार्च। CG Tourism : छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार और राज्य की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित फेम (FAM) ट्रिप के अंतर्गत देशभर से आए टूर ऑपरेटरों और ट्रैवल एजेंट्स ने बस्तर, मैनपाट और जशपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधियों ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत की जमकर सराहना की।

चित्रकोट जलप्रपात बना आकर्षण का केंद्र

फेम ट्रिप के दौरान प्रतिनिधियों को बस्तर जिले के विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात ले जाया गया, जहां उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। साथ ही बोटिंग का अनुभव भी कराया गया, जिसने उनके दौरे को और रोमांचक बना दिया। प्रतिनिधियों ने चित्रकोट स्थित प्राचीन शिव मंदिर के भी दर्शन किए।

बस्तर की लोक संस्कृति से कराया परिचय

प्रतिनिधियों को बस्तर के प्रसिद्ध हाट-बाजार भी दिखाए गए, जहां उन्होंने पारंपरिक मुर्गा लड़ाई जैसे स्थानीय आयोजनों को देखा और जनजातीय संस्कृति को करीब से समझा। इस दौरान उन्हें ऐतिहासिक नगरी बारसूर ले जाया गया, जहां उन्होंने प्रसिद्ध बत्तीसा मंदिर और भगवान गणेश की प्राचीन मूर्तियों का अवलोकन किया।

मैनपाट और जशपुर के पर्यटन स्थलों का भ्रमण

फेम ट्रिप के तहत प्रतिनिधियों ने मैनपाट के सुंदर पर्यटन स्थलों का भी दौरा किया। यहां उन्होंने करमा एथेनिक रिजॉर्ट और सैला रिसोर्ट का भ्रमण कर प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण का अनुभव किया। इसके अलावा कुनकुरी स्थित गिरजाघर, राजपुरी जलप्रपात (जशपुर) और महुआ होमस्टे (केरे विलेज) जैसे आकर्षक स्थलों से भी उन्हें परिचित कराया गया। इन स्थानों ने राज्य के इको-टूरिज्म और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को उजागर किया।

पर्यटन विकास और सुरक्षा पर चर्चा

प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर संभाग के प्रशासनिक अधिकारियों—कमिश्नर, आईजी और एसपी—से मुलाकात कर क्षेत्र में पर्यटन विकास, सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं पर चर्चा की। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

28 प्रतिनिधि दो समूहों में कर रहे भ्रमण

यह फेम ट्रिप 13 मार्च से 18 मार्च तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 28 टूर ऑपरेटर और ट्रैवल एजेंट्स शामिल हैं। इन्हें दो समूहों में बांटकर राज्य के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों का भ्रमण कराया जा रहा है।

पर्यटन को नई पहचान देने की पहल

इस पहल का उद्देश्य टूर ऑपरेटरों को छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं से सीधे जोड़ना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में राज्य को एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में बढ़ावा दे सकें। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन और पर्यटन बोर्ड अध्यक्ष नीलू शर्मा तथा प्रबंध संचालक विवेक आचार्य के नेतृत्व में राज्य में पर्यटन को नई पहचान देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फेम ट्रिप का समापन 18 मार्च को रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के साथ होगा, जहां सभी प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी। इस पहल से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version