रायपुर, 18 मार्च। Bharat Tribe Fest 2026 : राज्य स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाला कोण्डागांव जिले का लिंगो घोटुल मांदरी नृत्य दल अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन करेगा। यह दल नई दिल्ली में आयोजित भारत ट्राइब फेस्ट-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगा।
राष्ट्रपति के हाथों मिल चुका सम्मान
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर अंबिकापुर में आयोजित महोत्सव में इस दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया था। इस उपलब्धि के लिए दल को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों सम्मानित किया गया था।
जिले के लिए गर्व का अवसर
कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे कोण्डागांव जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दल बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाएगा।
7 राज्यों के कलाकार होंगे शामिल
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के अनुसार, भारत ट्राइब फेस्ट का आयोजन 18 से 21 मार्च 2026 तक नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में किया जाएगा। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित 7 राज्यों के कलाकार भाग लेंगे। इस प्रतिष्ठित आयोजन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कोण्डागांव जिले के ग्राम राहटीपारा (बालेंगा) का मांदरी नृत्य दल करेगा, जो अपनी पारंपरिक कला से देशभर के दर्शकों को आकर्षित करेगा।

