Site icon AB News.Press

Child Death : बागबाहरा में हड़कंप…! टीकाकरण के बाद 5 साल के बच्चे की मौत…परिवार ने लगाया लापरवाही का आरोप

Child Death

Child Death

बागबाहरा, 17 मार्च। Child Death : बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां डीपीटी का टीका लगने के कुछ घंटे बाद एक 5 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार महासमुंद निवासी नरेंद्र यादव, जो खल्लारी थाना में पदस्थ हैं, वर्तमान में बागबाहरा में रह रहे हैं। सोमवार को वे अपने बेटे नैतिक यादव (5 वर्ष) को नियमित टीकाकरण के तहत डीपीटी का टीका लगवाने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे बच्चे को टीका लगाया गया। टीकाकरण के बाद उसे घर ले जाया गया, जहां उसने भोजन किया और सो गया।

शाम को बिगड़ी हालत, मौत

नरेंद्र यादव के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे पत्नी ने फोन कर बताया कि बच्चे की हालत ठीक नहीं है। बच्चे का मुंह खुला हुआ था और वह प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। आनन-फानन में उसे अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मातम, जांच की मांग

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। स्वास्थ्य केंद्र की ओर से लापरवाही का आरोप लगाते हुए, परिजनों ने निष्पक्ष जांच और विशेषज्ञों की एक बाहरी टीम द्वारा पोस्ट-मॉर्टम की मांग की है, ताकि मौत का असली कारण सामने आ सके।

स्वास्थ्य विभाग का पक्ष

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की जांच शुरू की जा रही है। मृत्यु का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। बीएमओ बागबाहरा ने बताया कि बच्चे को पहले भी टीके लगाए जा चुके थे, इसलिए मौत का कारण टीकाकरण में खामी होना सीधे तौर पर नहीं कहा जा सकता। वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता और चर्चा का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
Exit mobile version