VB-G RAM G Digital Campaign : युवाओं को मिलेगा गांव की सफलता कहानी दिखाने का मौका, 20 मार्च तक भेजें एंट्री

VB-G RAM G Digital Campaign : युवाओं को मिलेगा गांव की सफलता कहानी दिखाने का मौका, 20 मार्च तक भेजें एंट्री

रायगढ़, 16 मार्च। VB-G RAM G Digital Campaign : केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा माय भारत पोर्टल के सहयोग से राष्ट्रव्यापी डिजिटल पहल VB-G RAM G यूथ डिजिटल कैंपेन शुरू किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य देश के युवाओं को ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ना है।

डिजिटल माध्यम से चलाए जा रहे इस अभियान के जरिए युवाओं को अपने गांव की सकारात्मक कहानियां, नवाचार और विकास कार्यों को देशभर के सामने लाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल और माय जीओभी पोर्टल के माध्यम से अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

युवाओं के लिए सुनहरा अवसर : सीईओ जिला पंचायत

सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे ने जिले के युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने का सुनहरा मौका है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्य, रोजगार के नए अवसर, स्वरोजगार की पहल और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को युवा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत कर सकते हैं, जिससे अन्य क्षेत्रों को भी प्रेरणा मिलेगी।

वीडियो रील प्रतियोगिता में बनाएं गांव की कहानी

अभियान के तहत पहली प्रतियोगिता वीडियो चैलेंज है। इसमें प्रतिभागियों को अपने गांव के विकास, रोजगार के अवसर या किसी सकारात्मक पहल को दर्शाते हुए 30 से 60 सेकंड की शॉर्ट वीडियो या रील बनानी होगी। इस वीडियो को माय भारत पोर्टल पर अपलोड करना होगा, जिसकी अधिकतम फाइल साइज 25 एमबी निर्धारित की गई है। इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को भारत सरकार के कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।

ऑनलाइन क्विज में मिलेगा सर्टिफिकेट

दूसरी गतिविधि ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता है। इसमें प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध अधिनियम और अभियान से जुड़े 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इस क्विज में सफलतापूर्वक भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।

लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में 50 हजार का इनाम

तीसरी प्रतियोगिता लोगो डिजाइन की है, जो ‘विकसित भारत-जी राम जी एक्ट, 2025’ के लिए आयोजित की जा रही है। प्रतिभागियों को अभियान की भावना को दर्शाते हुए एक रचनात्मक और आकर्षक लोगो तैयार करना होगा। इस प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो के लिए 50 हजार रुपए का नकद पुरस्कार रखा गया है। चयनित लोगो का उपयोग भविष्य में अभियान से जुड़ी आधिकारिक प्रचार सामग्री और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।

जिला प्रशासन की युवाओं से अपील

इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी जिला पंचायत कार्यालय, रायगढ़ में जिला कार्यक्रम समन्वयक (मनरेगा) शाखा से संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और अपने गांव के विकास की कहानी को देश के सामने लाने में योगदान दें। यह अभियान युवाओं को डिजिटल मंच देने के साथ-साथ ग्रामीण भारत की प्रगति को नई पहचान दिलाने का माध्यम भी बनेगा।

राज्य खबर