जशपुरनगर, 16 मार्च। Jashpur Forest Fire : जशपुर वनमंडल के अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर लगी वनाग्नि को वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। विभाग की सक्रियता के चलते बड़ी वन क्षति होने से बचाव हो गया। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी शशिकुमार के निर्देशन में की गई।
रात में मिली आग लगने की सूचना
वनमंडलाधिकारी शशिकुमार ने बताया कि 14 मार्च 2026 की रात दुलदुला वन परिक्षेत्र के रानीबंध क्षेत्र और बगीचा वन परिक्षेत्र के अहिनमाड़ा जंगल में आग लगने की सूचना वन विभाग को दूरभाष के माध्यम से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला तत्काल सक्रिय हो गया और मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
रानीबंध क्षेत्र में तुरंत पाया गया काबू
दुलदुला वन परिक्षेत्र के रानीबंध क्षेत्र में आग की सूचना मिलते ही वन अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और रात में ही त्वरित प्रयास करते हुए आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण प्राप्त कर लिया।
प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी ने संभाली कमान
इसी तरह बगीचा वन परिक्षेत्र के अहिनमाड़ा जंगल में आग लगने की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्राधिकारी यशस्वी मौर्य (प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारी) स्वयं वन अमले के साथ मौके पर पहुंचीं। लगातार प्रयास करते हुए रात लगभग 12 बजे तक आग को आसपास के वनों में फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।
लगातार निगरानी और गश्त जारी
वन विभाग की तत्परता और समन्वित प्रयासों के कारण दोनों स्थानों पर आग को शीघ्र नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की बड़ी वन क्षति नहीं हुई। विभाग द्वारा संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है, ताकि आग की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक
वन विभाग द्वारा स्थानीय ग्रामीणों को भी वनाग्नि के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है और उनसे वन संरक्षण में सहयोग की अपील की गई है। विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे जंगलों में आग न लगाएं और कहीं भी आग दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
आग लगाने पर होगी सख्त कार्रवाई
वन विभाग ने चेतावनी दी है कि वनों में जानबूझकर आग लगाने या आग लगाते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 और 79 तथा वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9 के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आग की सूचना देने के लिए संपर्क नंबर
वनाग्नि की सूचना देने के लिए नागरिक संबंधित वन परिक्षेत्र अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सकते हैं—
- सन्ना वन परिक्षेत्र – 9302959850
- मनोरा वन परिक्षेत्र – 9893283085
- जशपुर वन परिक्षेत्र – 7999374719
- दुलदुला वन परिक्षेत्र – 9406042064
- तपकरा वन परिक्षेत्र – 6267954237
- कुनकुरी वन परिक्षेत्र – 9424182112
- कांसाबेल वन परिक्षेत्र – 9098098347
- बगीचा वन परिक्षेत्र – 8826088150
- पत्थलगांव वन परिक्षेत्र – 8770575577
वन विभाग जशपुर ने सभी नागरिकों से वनों की सुरक्षा और संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है, ताकि पर्यावरण संतुलन और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

