Site icon AB News.Press

CM Electricity Bill Resolution : पावर कंपनी की चेतावनी – केवल ‘मोर बिजली एप’…वेबसाइट और अधिकृत केंद्रों से ही करें भुगतान

CM Electricity Bill Resolution: Power Company's Warning – Make Payments *Only* via the 'Mor Bijli App', Website, and Authorized Centers.

CM Electricity Bill Resolution

रायपुर, 16 मार्च। CM Electricity Bill Resolution : मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के नाम पर ऑनलाइन ठगी की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि योजना के पंजीयन या भुगतान के लिए किसी भी अनजान व्हाट्सएप, ईमेल या एसएमएस में भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी प्रकार की एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें।

पावर कंपनी कभी नहीं भेजती APK या लिंक

छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी के एमडी भीम सिंह ने जानकारी दी कि कंपनी अपनी किसी भी योजना या सेवा के लिए कभी भी एपीके फाइल या संदिग्ध वेब लिंक नहीं भेजती। इसलिए उपभोक्ता ऐसे किसी भी संदेश से सावधान रहें और साइबर ठगी से बचें।

शिविर लगाकर होगा पंजीयन

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का लाभ अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए पावर कंपनी मैदानी स्तर पर शिविर आयोजित करेगी। इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी और पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

केवल इन माध्यमों से करें भुगतान

पावर कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना बिजली बिल या योजना से संबंधित भुगतान केवल मोर बिजली एप, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, एटीपी सेंटर या नजदीकी विद्युत कार्यालय के माध्यम से ही करें। इसके अलावा उपभोक्ताओं को यह भी सलाह दी गई है कि किसी भी मैदानी कर्मचारी को नकद भुगतान न करें। पंजीयन राशि के भुगतान की सुविधा केवल अधिकृत माध्यमों से ही उपलब्ध कराई गई है।

इसी ID से आता है कंपनी का संदेश

पावर कंपनी ने बताया कि बिजली बिल भुगतान या अन्य जानकारी से संबंधित संदेश उपभोक्ताओं को केवल “CSPDCL-S” सेंडर आईडी से ही भेजे जाते हैं। यदि किसी अन्य आईडी से संदेश प्राप्त होता है तो उसे संदिग्ध मानकर सतर्क रहें।

जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर

मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना या विद्युत सेवाओं से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए उपभोक्ता पावर कंपनी के केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी सीएसपीडीसीएल कार्यालय में भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Exit mobile version